खेतों में बर्बादी का जायजा लेने पहुंचे सीएम को किसानों ने सुनाया दुखड़ा, शिवराज ने बंधाया ढाढस- मैं हूं ना

79

खेतों में बर्बादी का जायजा लेने पहुंचे सीएम को किसानों ने सुनाया दुखड़ा, शिवराज ने बंधाया ढाढस- मैं हूं ना

अशोकनगर
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अशोकनगर जिले के ग्राम बजावन पहुंचे जहां उन्होंने ओला प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। खराब फसलों को देखने खेतों में पहुंचे मुख्यमंत्री को देखकर कई किसान उनके पैरों में गिरकर फूट फूट कर रोने लगे। किसी ने कर्ज चुकाने की चिंता बताई तो किसी को अपनी बेटी की शादी की चिंता हो रही थी। मुख्यमंत्री ने किसानों को ढाढस बंधाया और सर्वे के बाद तत्काल राहत राशि देने का भरोसा दिया।

सीएम के पैरों में गिर गया किसान
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ओला प्रभावित मुंगावली तहसील के बजावन ग्राम पहुंचे। उन्होंने ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का स्वयं खेतों में जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान शिवराज जैसे ही किसान मेहरबान सिंह यादव के खेत में तो वह मुख्यमंत्री के पैरों में जाकर गिर गया और फूट-फूट कर रोने लगा। किसान ने बताया कि उसकी 15 बीघा जमीन है लेकिन ओलों के कारण पूरी फसल नष्ट हो गई है। सोयाबीन की पिछली फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई थी। इस फसल की बोवनी के लिए उन्होंने कर्ज लिया था। अब कर्ज कैसे चुकाएंगे, इसकी चिंता है।
शिवराज ने मुआवजे का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने दुखी किसान के सर पर हाथ रख ढाढस बंधाया और कहा कि मैं हूं ना, चिंता मत करो। इसके बाद किसानों से जनसंवाद में शिवराज ने कहा कि किसान चिंता ना करें। दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। जिन किसानों की 50% से फसल खराब हुई है, उन्हें 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा जो हानि हुई है, उसका भी मुआवजा उन्हें दिया जाएगा।

फसल हो गई बर्बाद, कैसे होगी बेटी की शादी
मुख्यमंत्री जब किसान हजारीलाल के खेत में गए तो वह भावुक हो कर रो पड़े। किसान ने कहा कि उनकी बिटिया की इस साल शादी होनी है, लेकिन फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। अब शादी कैसे होगी। मुख्यमंत्री ने किसान और बेटी के सर पर हाथ रख कर कहा कि बेटी की शादी जरूर होगी और धूमधाम से होगी।

अधिकारियों को चेतावनी, नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा
जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल का सर्वे 18 तारीख तक पूरा हो जाएगा। इसकी सूची हर पंचायत में चस्पा की जाएगी। जिन किसानों को लगता है कि उनका नाम नहीं है या नुकसान कम लिखा है, उनका दोबारा सर्वे कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि किसानों की फसलों का नुकसान का यदि कम लिखा तो नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा।

मुख्यमंत्री से बोले विधायक नहीं मिला पिछला पैसा
जनसंवाद के दौरान अशोक नगर विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने कहा कि वे खुद तीन दिन में 65 गांवों में गए हैं। किसानों का बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है और फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने शिकायत करते हुए कहा कि 2019 और 2020 का फसल बीमा का पैसा किसानों को अब तक नहीं मिला।

उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News