Nana Patole: नाना पटोले के खिलाफ FIR दर्ज गिरफ्तार किया जाए, नितिन गडकरी की महाराष्ट्र पुलिस से मांग

95

Nana Patole: नाना पटोले के खिलाफ FIR दर्ज गिरफ्तार किया जाए, नितिन गडकरी की महाराष्ट्र पुलिस से मांग

हाइलाइट्स

  • महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले की मुश्किलें बढ़ीं
  • नितिन गडकरी ने पटोले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की
  • पटोले ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिया था विवादित बयान
  • पटोले ने कहा की मैंने पीएम नहीं एक स्थानीय गुंडे के खिलाफ बोला था

मुंबई
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के विवादित बयान के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी नाना पटोले के ऊपर निशाना साधा है। उन्होंने ने ट्वीट कर इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

पटोले की गिरफ्तारी की मांग
नितिन गडकरी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने जिस प्रकार की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किया है, वह निंदनीय है। मेरी पुलिस प्रशासन से विनती है कि पटोले पर एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।

कांग्रेस में क्या चल रहा है?
नाना का विडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे कहते दिखाई दे रहे हैं कि, ‘मैं मोदी को मार सकता हूं, गाली भी दे सकता हूं।’ इस बयान पर नाना ने सफाई दी कि वे भाषण नहीं दे रहे थे। भंडारा जिले में मोदी नाम का एक क्षेत्रीय गुंडा है। उसके बारे में बोल रहे थे। वह कहीं कोई भाषण नहीं दे रहे थे।

नाना के बयान पर फडणवीस ने पूछा कि कांग्रेस में क्या चल रहा है? स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल होने वाली यह पार्टी इतनी नीचे कैसे गिर सकती है? सत्ता पाने के लिए कुछ भी? कांग्रेस को अब लोकतंत्र की राजनीतिक पार्टी बोला जाए या आतंक फैलाने वाला संगठन? नाना भाऊ (पटोले) सिर्फ शरीर की ऊंचाई से काम नहीं चलता, विचार और बुद्धि भी ऊंची होनी चाहिए।

बीजेपी सहन नहीं करेगी धमकी: पाटील
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई धमकी को जवाब देने की सूचना सभी जिला अध्यक्षों को दी गई है। चंद्रकांत पाटील ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से राज्य के सभी जिला पुलिस स्टेशनों में नाना के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए कहा है। यदि पुलिस मामला दर्ज नहीं करती तो बीजेपी कोर्ट जाएगी।

नाना पटोले की सफाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान देकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले फंस गए हैं। बयान सार्वजनिक होने के बाद नाना ने सफाई दी कि वे अपने मतदान क्षेत्र में मोदी सरनेम वाले एक स्थानीय गुंडे के बारे में बात कर रहे थे। इधर, नाना के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने गहरी आपत्ति जताई है।

नितिन गडकरी ने पटोले की गिरफ्तारी की मांग की

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News