अखिलेश यादव गिरफ्तार: पुलिस लेकर गई भौराह कृषि विज्ञान केंद्र

1639

सपा के पूर्व विधायक प्रदीप यादव और अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अखिलेश औरैया सपा कार्यकर्ताओं की पिटाई का विरोध करने जा रहे थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यूपी पुलिस ने मीडिया के कैमरे बंद करवा दिए और सपा कार्यकर्ताओं की बेरहमी से पिटाई की। वे इसी का विरोध करने के लिए एक्सप्रेस वे के रास्ते औरैया जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोक लिया गया। पुलिस ने उन्हें भौराह कृषि विज्ञान केंद्र में रखा है। बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन के दौरान पुलिस और सपा समर्थकों के बीच तीखी झड़प होने पर तथाकथित रूप से पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं की पुटाई कर दी। आरोप है कि बीजेपी के गरौठा विधायक की गाड़ी के मुख्यालय में घुसने को लेकर बवाल हुआ था। पुलिस को माहौल पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। फायरिंग और लाठी चार्ज भी करन पड़ा।

इस घटना के बाद बुधवार शाम को ही अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस पर आरोप लगाया था कि वो बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है। इस झड़प में चोटिल सपा नेता प्रदीप यादव गुरुवार तड़के अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद अखिलेश यादव भी उनके साथ औरैया जा रहे थे।

औरैया जिला मुख्यालय ककोर में बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए  बीजेपी से दीपू सिंह और समाजवादी पार्टी से सुधीर यादव उर्फ कल्लू सिंह का नामांकन होना था। दीपू सिंह का नामांकन जैसे ही सम्पन्न हुआ सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भाजपा वालों का साथ देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उग्र सपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। आगजनी और पथराव के बीच पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। एसपी संजीव त्यागी के अनुसार स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन काबू में है।