कपिल सिब्बल कांग्रेस की संस्कृति के इंसान नहीं है, बोले अशोक गहलोत- सोनिया गांधी के आशीर्वाद से मंत्री बने

157

कपिल सिब्बल कांग्रेस की संस्कृति के इंसान नहीं है, बोले अशोक गहलोत- सोनिया गांधी के आशीर्वाद से मंत्री बने

कपिल सिब्बल कांग्रेस की संस्कृति से जुड़े इंसान नहीं हैं। यह कहना है पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का। दरअसल कपिल सिब्बल ने एक साक्षात्कार में कहा था कि गांधी परिवार को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व से अलग होना चाहिए और किसी अन्य को मौका देना चाहिए। कपिल सिब्बल कि इन बातों पर कई कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी सामने आई है। 

कपिल सिब्बल की बातों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अशोक गहलोत ने कहा, ‘कपिल सिब्बल देश के एक बड़े और सम्मानिय अधिवक्ता हैं। जो लोग कांग्रेस में आते हैं उन्हें शीर्ष तक पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन सिब्बल की तरह नहीं। सोनिया गांधी के आशीर्वाद और राहुल गांधी के सपोर्ट की वजह से वो बिना संघर्ष किये पार्टी में ऊपर तक पहुंच गये।

अशोक गहलोत ने कहा, ‘उन्हें कई अहम मौके मिले। उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली। उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया था। उनका बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे लोगों को कांग्रेस की बेसिक जानकारी भी नहीं है। क्या वो कांग्रेस का इतिहास भूल गये हैं? वो कांग्रेस पार्टी का एबीसी़डी भी नहीं जानते हैं।

अशोक गहलोत ने कहा, पिछले 30 सालों में गांधी परिवार का कोई भी सदस्य मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री नहीं बना। पूरा देश जानता है कि अगर गांधी परिवार शीर्ष पर रहेगा तब ही कांग्रेस में एकता रहेगी।

बता दें कि पार्टी के वरिष्ठ नेता सिब्बल ने अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ को दिए साक्षात्कार में कहा है कि गांधी परिवार को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व से अलग होना चाहिए और किसी अन्य को मौका देना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि वह ‘घर की कांग्रेस’ नहीं, बल्कि ‘सबकी कांग्रेस’ चाहते हैं।

मणिकम टैगोर ने कही यह बात

लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने सिब्बल पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ”आरएसएस और भाजपा क्यों चाहते हैं कि नेहरू-गांधी नेतृत्व से अलग हो? क्योंकि गांधी परिवार के नेतृत्व के बिना कांग्रेस, जनता पार्टी बन जाएगी। इस तरह से कांग्रेस को खत्म करना आसान होगा और फिर से आइडिया ऑफ इंडिया (भारत के विचार) को खत्म करना आसान होगा। कपिल सिब्बल यह जानते हैं, लेकिन वह आरएसएस/भाजपा की भाषा क्यों बोल रहे हैं?”

खेड़ा का सिब्बल पर प्रहार

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सिब्बल पर प्रहार करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को पार्टी के मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ रोजाना बयानबाजी करने की बजाय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहिए। खेड़ा ने कहा, ”कपिल सिब्बल, डॉक्टर हर्षवर्धन (भाजपा नेता) ने आपसे नहीं कहा था कि चांदनी चौक से अलग हो जाइए। वह चुनाव लड़े और आपको पराजित किया। जो लोग कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहते हैं वह मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ रोजाना बोलने की बजाय पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं।”



Source link