बिहार बीजेपी अध्यक्ष जायसवाल का बड़ा बयान, कहा- अगले साल तक हर व्यक्ति को देंगे घर, शौचालय और बिजली 

99

बिहार बीजेपी अध्यक्ष जायसवाल का बड़ा बयान, कहा- अगले साल तक हर व्यक्ति को देंगे घर, शौचालय और बिजली 

बिहार के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि बिहार में हमने मुख्य रूप से सड़क, बिजली और अस्पताल को लेकर काम किया है। हम 2022 तक प्रत्येक व्यक्ति को अपना घर, शौचालय और बिजली देंगे। हमने चुनावी घोषणा पत्र में बिहार में नि:शुल्क टीकाकरण का वादा किया और निभाया। ऐसा वादा अमेरिका नहीं कर सका था। भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के लिए मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाया।

बुधवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार में हमने सत्ता विरोधी रुझान को किनारे कर अपनी दो तिहाई सीट जीतने में सफल रहे। इसके लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। डॉ. जायसवाल ने कहा कि हम कभी रक्षा उत्पादों के सबसे बड़े आयातक थे, लेकिन अब रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देशों की सूची में आ चुके हैं। आज हम दुनिया में तीसरी सबसे बड़े आर्थिक विश्व शक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं।

मोदी सरकार की नीतियों से हम सबसे बड़े निर्यातक देश बनने की ओर बढ़ रहे है। डीबीटी प्रणाली से गरीबों को उनका लाभ मिल रहा है। बिचौलिए की भूमिका समाप्त हो गई है। बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है और सरकार ने इस वर्ष धान एवं गेहू की रिकॉर्ड खरीदारी की है। बिहार ने 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चले विशेष अभियान में रिकॉर्ड टीकाकरण किया है।

देश में भाजपा का सबसे अधिक जनाधार

उन्होंने कहा कि देश में भाजपा का सबसे अधिक जनाधार है। सन् 1952 से हमारी विचारधारा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, समतामूलक और सर्वसुलभ सरकार को धरातल पर उतार रहे हैं। हम भारत को विकास के चरमोत्कर्ष पर ले जाना चाहते हैं। अब देश सांस्कृतिक उत्थान भी कर रहा है। अयोध्या, मथुरा और काशी में नवनिर्माण, आदिगुरु शंकराचार्य की मूर्ति की पुनर्स्थापना हो या उत्तराखंड के चारों धाम को विकसित किया जा रहा है। 

कांग्रेस पर किया प्रहार

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि उसने 70 वर्ष तक गरीबी हटाओ के नारे पर राज किया और उनकी चार पीढ़ियां गरीब मिटाने के नाम पर प्रधानमंत्री बन गई। लेकिन, गरीबी नहीं मिटी।  

संगठनात्मक दृष्टि से कई काम हुए

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक पार्टी ने 52 स्थानों पर प्रदर्शनी लगाई। इस दौरान प्रधानमंत्री की जीवनी दिखाई। 232 स्थानों पर सभाएं, 2716 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर में 66 हजार से अधिक लोगों का इलाज किया गया। 38 हजार से अधिक बूथों पर लगभग साढ़े चार लाख पोस्ट कार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा गया। अब हम बूथ अध्यक्ष के बाद पन्ना प्रमुख की टीम बनाने का काम करेंगे।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News