लता मंगेशकर का आखिरी संदेश, अनुपम खेर ने शेयर किया ऑडियो, सुनें क्या बोली थीं स्वर कोकिला

157


लता मंगेशकर का आखिरी संदेश, अनुपम खेर ने शेयर किया ऑडियो, सुनें क्या बोली थीं स्वर कोकिला

स्वर कोकिला कहलाने वालीं लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) ने रविवार सुबह इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इस खबर के सामने आने से सिनेमाजगत के साथ ही साथ पूरे देश में शोक की लहर छा गई। पीएम मोदी से राष्ट्रपति तक,  और सितारों से फैन्स तक, सभी ने लता मंगेशकर को याद किया और श्रद्धांजलि दी। लता मंगेशकर के निधन के बाद अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher), दिवंगत गायिका के घर पहुंचे और आशा भोसले से मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। वहीं इसके बाद अनुपम खेर ने एक और वीडियो शेयर किया, जिस में उन्होंने लता का भगवद्गीता के श्लोक को गाते हुए आखरी संदेश का ऑडियो शेयर किया है।

क्या है कैप्शन
अनुपम खेर ने जो वीडियो शेयर किया है उसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘लता जी का भगवद्गीता के श्लोक को गाते हुए आखरी संदेश, 22/12/2021 की दोपहर Zoom पर आजादी का अमृत महोत्सव कमेटी की दूसरी मीटिंग में जब लता जी की बोलने की बारी आई तो फैन होने के नाते मेरा दिल किया की मैं उनकी आवाज रिकार्ड कर लूँ। सुनिए… क्या बोली थीं उस दिन विश्व की महान गायिका।’

क्या है वीडियो
वीडियो में लता मंगेशकर की एक तस्वीर लगी है, साथ ही बैकग्राउंड में एक ऑडियो क्लिप चल रही है। ये ऑडियो क्लिप ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम की है, जब लता ने संबोधित किया था। वीडियो में लता कह रही हैं, ’75 साल देश के विविध प्रधानमंत्री और मिनिस्टर्स भारत देश को दिन- दिन बहुत ऊंचा ले गए और आज हम खुशहाल हैं। श्रद्धेय नरेंद्र भाई को… हमारी सरकार, हमारी जनता को मेरा शत् शत् प्रणाम। ये सब मैं कहने के बाद भगवत गीता में भगवान श्रीकृष्णा का एक श्लोक है,जो मैं सुनाने जा रही हूं। 

लता ने सुनाया श्लोक
इसके बाद श्लोक सुनाते हुए लता ने आगे कहा, ‘यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्। परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्। धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे। भगवान श्रीकृष्णा ने ये कहा है और वो हमेशा हमारे साथ रहें, आज भी साथ हैं, अब आगे भी साथ रहेंगे। यही मुझे विश्वास है। मैं आप सभी को प्रणाम करती हूं और आज्ञा लेती हूं।’

भारत रत्न लता मंगेशकर
गौरतलब है कि 1929  में लता मंगेशकर का जन्म इंदौर में हुआ था। लता को भारत की ‘सुर साम्राज्ञी’ के नाम से जाना जाता है और उनको देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जा चुका है। वह भारतीय सिनेमा की महान गायिकाओं में से हैं, उन्हें स्वर कोकिला के नाम से जाना जाता है। लता मंगेशकर को पद्म भूषण, पद्म विभूषण और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।



Source link