संजय निरुपम का दावा- बेल्जियम में हैं परम बीर, बीजेपी बोली- पहले बताओ अनिल देशमुख का ठिकाना

101


संजय निरुपम का दावा- बेल्जियम में हैं परम बीर, बीजेपी बोली- पहले बताओ अनिल देशमुख का ठिकाना

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह बेल्जियम में हैं। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र से पूछा कि “मुंबई के पूर्व शीर्ष पुलिस वाले ने देश कैसे छोड़ दिया”? हालांकि उनका जवाब देते हुए भाजपा नेता राम कदम ने कहा, परमबीर सिंह के बारे में पूछने वाले पहले ये जवाब दें कि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख कहां है?

महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह के खिलाफ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया, जिसके बाद परम बीर सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गुरुवार को, महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक कथित रंगदारी मामले में परम बीर सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

इस मामले में कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शनिवार को एक ट्वीट किया। परम बीर सिंह की फोटो के साथ कैप्शन में लिखा, “ये हैं मुंबई पुलिस के पूर्व पुलिस कमिश्नर। मंत्री पर हफ्ता वसूली का आरोप लगाया था। खुद पांच मामलों में वांटेड हैं। पुलिस ने कहा है कि ये फरार हैं। पता चला है, ये बेल्जियम में हैं। बेल्जियम गया कैसे? इसे कितने सेफ पैसेज दिया? क्या हम अंडरकवर भेजकर इसे ला नहीं सकते ?”

 

संजय निरुपम ने आरोप लगाया कि परम बीर सिंह ने देश से भागने के लिए चंडीगढ़-नेपाल-यूरोप का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा, “अब केंद्रीय एजेंसियों को परम बीर सिंह के ठिकाने का सत्यापन और टिप्पणी करनी होगी।”

 

संजय निरुपम के ट्वीट पर अगले दिन यानि रविवार को भाजपा के राम कदम ने जवाब दिया। उन्होंने संजय निरुपम को रिट्वीट करते हुए लिखा, “परम बीर कहां है? यह सवाल पूछते वाले नेता…क्या पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख कहां है इसका जवाब कब देंगे? कभी तो जवाबदेही लेंगे ? या हर बार केंद्र पर ऊंगली?”

बता दें कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह ने महाराष्ट्र ने पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। 





Source link