IPL 2020 पर पड़ा कोरोना का साया, दर्शकों की एंट्री पर लगा बैन, पांचवीं बार चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस

5
IPL 2020 पर पड़ा कोरोना का साया, दर्शकों की एंट्री पर लगा बैन, पांचवीं बार चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस


IPL 2020 पर पड़ा कोरोना का साया, दर्शकों की एंट्री पर लगा बैन, पांचवीं बार चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस

ऐप पर पढ़ें

साल 2020 में कोरोना वायरस का खेल जगत पर जबरदस्त असर देखने को मिला, जिससे आईपीएल भी अछूता नहीं रहा। आईपीएल 2020 का आगाज मार्च में होना था, जिसे सितंबर तक के लिए स्थगित करना पड़ा। देश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण टूर्नामेंट का आयोजन 19 सितंबर से 10 नवंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हुआ। सभी मुकाबले तीन मैदानों- दुबई, शारजाह और अबुधाबी पर खेले गए। आईपीएल का यह पहला ऐसा सीजन था, जिसमें दर्शकों की स्टेडियम में एंट्री बैन थी।

पहले मैच में कांटे की टक्कर

आईपीएल 2020 का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस (एमआई) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई को धोनी ब्रिगेड के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच आखिरी ओवर तक गया। मुंबई ने अबुधाबी में 162/9 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में चेन्नई ने 19.2 ओवर में 166 रन बनाकर विजयी परचम फहराया। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन सौरभ तिवारी (31 गेंदों में 42) ने बनाए थे। वहीं, चेन्नई के लिए सबसे बड़ी पारी फाफ डुप्लेसिस (48 गेंदों में 71) ने खेली।

शेन वॉटसन ने लिया संन्यास

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने 13वें सीजन में चेन्नई का सफर लीग चरण में समाप्त होने के बाद आईपीएल समेत फ्रेंचाइजी क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने चेन्नई को आईपीएल 2018 खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। वह तीन सीजन तक सीएसके के लिए खेले। वॉटसन चेन्नई के अलावा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (आरसीबी) का हिस्सा रहे। उन्होंने आईपीएल में कुल 145 मैच खेले और 30.99 के औसत से 3874 रन बनाए। उन्होंने 4 शतक और 21 अर्धशतक ठोके।

कार्तिक ने अचानक छोड़ी कप्तानी

आईपीएल 2020 में दिनेश कार्तिक द्वारा कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की अचानक कप्तानी छोड़ने की काफी चर्चा रही। उन्होंने यह फैसला उस वक्त लिया जब केकेआर अपने शुरुआती सात मैचों में से चार में जीत दर्ज करने के बाद प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर थी। कार्तिक की जगह इयोन मोर्गन ने कमान संभाली। हालांकि, मॉर्गन के कप्तान बनने का कुछ खास फायदा नहीं हुआ। केकेआर प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। कोलकाता ने 14 मैचों से सात में हार का मुंह देखा।

पांचवीं बार चैंपियन बनी मुंबई

मुंबई इंडियंस ने 13वें सीजन का खिताब अपने नाम किया। यह मुंबई की टूर्नामेंट में पांचवीं ट्रॉफी थी। एमआई ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 5 विकेट से रौंदा। दिल्ली पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंची थी, जिसकी बागडोर श्रेयस अय्यर के पास थी। दिल्ली ने दुबई में खेले गए खिताबी मुकाबले में 157 रन का टारगेट दिया, जिसे मुंबई ने 18.4 ओवर में आसानी से चेज कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 51 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 68 रन की शानदार पारी खेली थी।

ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विनर

केएल राहुल आईपीएल 2020 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने सीजन में 14 मैचों में 55.83 के औसत और 129.34 के स्ट्राइक रेट से 670 रन बनाए। राहुल ने एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए। दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा ने 13वें सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए और पर्पल कैप जीती। उन्होंने 17 मैचों में मैदान पर उतरने के बाद 8.34 के इकॉनमी रेट से कुल 30 विकेट चटकाए। उन्होंने दो बार चार-चार शिकार किए।



Source link