MP Board 12th Result 2022:ऑटो चालक की बेटी की बड़ी उपलब्धि, होम साइंस में प्रदेश में पाया पहला स्थान

175


MP Board 12th Result 2022:ऑटो चालक की बेटी की बड़ी उपलब्धि, होम साइंस में प्रदेश में पाया पहला स्थान

भिंड: परेशानियां कभी प्रतिभा को दबा नहीं सकती हैं। ऐसा ही कुछ भिंड के लहार की शिल्पी बघेल ने कर दिखाया है। शिल्पी बघेल ने विषम परिस्थितियों में भी कड़ी मेहनत करते हुए हायर सेकेंडरी परीक्षा में होम साइंस संकाय में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शिल्पी बघेल ने 500 में से 453 अंक लाकर सभी को हैरान कर दिया है। इसके पीछे शिल्पी की कड़ी मेहनत छुपी हुई है।

शुक्रवार को जारी हुए एमपी बोर्ड के हायर सेकेंडरी परीक्षा के रिजल्ट ने लहार की बेटी शिल्पी बघेल को अचानक सुर्खियों में ला दिया है। शिल्पी ने अपनी कड़ी मेहनत से होम साइंस संकाय में प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। शिल्पी बघेल के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करना इतना आसान नहीं था। शिल्पी बताती हैं इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की थी। शॉर्टकट अपनाने की बजाय उन्होंने पूरी किताब पढ़कर ज्ञान अर्जित किया जिसकी वजह से वह इस सफलता को हासिल कर पाई।

शिल्पी के पिता महिपाल बघेल ऑटो चालक हैं। अपने पूरे परिवार को पालने के लिए ऑटो चलाते हैं। शिल्पी का कोई भाई नहीं है। शिल्पी समेत घर में पांच बहनें और उनके माता-पिता हैं। शिल्पी के पिता अपनी बेटियों को बेटों की तरह पाल रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी बेटियां उनका नाम रोशन करेंगी।

शिल्पी ने तो उनका सपना पूरा करके दिखा दिया है। उसने कड़ी मेहनत करके बता दिया है कि लहार जैसे छोटे से कस्बे के सरकारी स्कूल में पढ़ते हुए भी भी प्रदेश में अपनी प्रतिभा का डंका बजाया जा सकता है।



Source link