UP Assembly Elections 2022 : अयोध्या में योगी ने दी यज्ञाहुति, बांदा में अखिलेश ने शुरू की विजय रथयात्रा | Yogi Yagyahuti in Ayodhya, Akhilesh started Vijay Rath Yatra in Banda | Patrika News

68

UP Assembly Elections 2022 : अयोध्या में योगी ने दी यज्ञाहुति, बांदा में अखिलेश ने शुरू की विजय रथयात्रा | Yogi Yagyahuti in Ayodhya, Akhilesh started Vijay Rath Yatra in Banda | Patrika News


लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : बुधवार को भी उत्तर प्रदेश की सियासत में काफी गहमा-गहमी रही। बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम की नगरी अयोध्या में मत्था टेकने पहुंचे थे, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धर्मनगरी चित्रकूट की धरती में भगवान राम के पैर पखारकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सपा अध्यक्ष ने बांदा से विजयरथ यात्रा शुरू करने से पहले एक सभा को भी संबोधित किया। अयोध्या पहुंचे सीएम योगी ने महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट की ओर से आयोजित ‘श्री विष्णु सर्व अद्भुत शांति महायज्ञ’ का समापन पर शामिल हुए। सीएम योगी महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ की यज्ञशाला पहुंचे और यज्ञ कुंड में आहुति डाली। मुख्यमंत्री ने यज्ञ में आहुति डालने के साथ एक सभा को भी संबोधित किया और संतों के साथ भोज भी किया।

हमारी एयरलाइंस का नाम गरुण है- योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वेदों के बारे में जो दुष्प्रचार दुनिया मे हुआ, लोगों ने गलत तथ्य प्रस्तुत किये उन पर विश्वमंच पर रामायण महाभारत के प्रसंगों को मजबूती के साथ महर्षि ने रखा। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने भारत और भारतीयता को रखना हम सब के लिए उदाहरण है। जब सरकार खुद को सेक्युलर दिखाने की कोशिश कर रही हो, उस को देखते हुए ये अद्भुत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 ने हमने यहां दीपोत्सव कार्यक्रम प्रारंभ किया। दुनियाभर के कलाकारों को यहां बुलाया गया। सीएम योगी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने उपासना विधि बदली होगी, लेकिन राम हमारे पूर्वज हैं। हमारी एयरलाइंस का नाम गरुण है।

राम और धर्म एक दूसरे के पूरक हैं

अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम और धर्म एक दूसरे के पूरक हैं। यही तो राम और सनातन धर्म की विशेषता है। अयोध्या ने 500 से ज्यादा वर्षों का संघर्ष को झेला है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाभारत जैसा महाग्रंथ कहीं नहीं होगा। महाभारत में सब कुछ निहित है जो हमारे वेदों में हैं, जो हमारे पुराणों में हैं। एक साजिश हुई थी कि महाभारत जैसे ग्रंथों को लोग अपने घरों में न रखें। महाभारत ग्रंथ का रूप श्रीमदभगवत गीता भी है, जिसे देश में राष्ट्रीय ग्रंथ माना जाता है। हमारे न्यायालयों में उसे साक्षी माना जाता है।

अखिलेश ने जनता से पूछा योगी या फिर योग्य सरकार चाहिए

वहीं बांदा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनता से सवाल किया कि योगी सरकार चाहिये या योग्य सरकार। उन्होंने कहा कि जो लैपटॉप चला नहीं सकते वो दे भी नहीं सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की सरकार ने नफरत फैलाई और बर्बादी की है और लूट की है। झूठे सपने दिखाने वालों को जनता बाहर का रास्ता दिखाए, इनका विकास तो सिर्फ नाम बदलने में हुआ है।

बुंदेलखंड में फेल हुई डबल इंजन की सरकार

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार बुंदेलखंड आते-आते फेल हो गई। बुंदेलखंड में साढ़े चार वर्ष में सरकार ने कुछ नहीं किया, यहां के 32 लाख लोग गरीब हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता पर बुलडोजर चलाया है, अब जनता अपना बुलडोजर चलाकर भाजपा सरकार का सफाया करेगी। अखिलेश ने कहा कि हम परिवार वाले हैं परिवार का दर्द जानते हैं। जिनका कोई परिवार नहीं है वह क्या जानेंगे आपका दर्द। उन्होंने बीएड, शिक्षामित्रों, टीईटी अभ्यर्थियों का दिल जीतने का प्रयास किया। कहा कि भाजपा सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे हो गए, लेकिन सरकार ने कोई भी काम नहीं किए। इनके जुमले ही नहीं विज्ञापन भी झूठे हैं। इन्होंने वादा किया था कि हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई यात्रा कराएंगे लेकिन हवाई यात्रा कराना तो दूर, किसानों को खाद तक नहीं मिल रही। बेसहारा मवेशी उसी तरह खेतों को साफ कर रहे हैं और किसान रात-रात जागकर फसलें बचा रहा है।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News